झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन, राज्य में शोक की लहर।
SHIKHAR DARPANSunday, August 03, 2025
0
रांची,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड की राजनीति में आदिवासी स्वाभिमान और संघर्ष के प्रतीक रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सोमवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले एक महीने से वे दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक नेताओं में से एक थे।
उन्होंने जीवनभर आदिवासी अधिकारों, जंगल-जमीन की रक्षा, और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में मंत्री पद भी संभाला।गौरतलब है कि शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और बीते एक साल से डायलिसिस पर थे। वे डायबिटीज से भी ग्रसित थे। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। राजनीतिक, सामाजिक और आम जनमानस में दुख की भावना है।झारखंड में शोक की इस घड़ी में झंडा आधा झुकाने और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोगों ने भी दिशोम गुरु के योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।