बी एन एस डी ए वी में मनाया गया कारगिल विजय दिवस, वीर सपूतों को दी गई श्रद्धांजलि।
SHIKHAR DARPANSaturday, July 26, 2025
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह स्थित बी एन एस डी ए वी पब्लिक स्कूल में कारगिल विजय दिवस बड़े ही उत्साह, जोश एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक, गिरिडीह मो. कौशर अली थे। विद्यालय में उनके आगमन पर विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।इसके पश्चात विद्यालय स्थित 'शहीद-ए-कारगिल स्मारक' पर मुख्य अतिथि मो. कौशर अली ने देश की आन बान शान का प्रतीक राष्ट्र ध्वज को फहराकर कारगिल युद्ध में शहीद हुए भारत माता के अमर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। और अपने संबोधन में कहा कि 'कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्भुत शौर्य और पराक्रम का दिवस है। यह दिवस कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जांबाज भारतीय सैनिको की याद में हर वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है।
जब जब देश पर संकट मंडराता है तो हमारे वीर सैनिक अपने प्राणों की आहुति देकर उस संकट से देश की रक्षा करते हैं। कारगिल युद्ध में शहीद हुए सभी सैनिकों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उन्हें जो इस युद्ध में वीरता पूर्वक लड़े और जीवित है नमन करता हूं।विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने भारत माता की अस्मिता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों को बलिदान कर देने वाले अमर सपूतों पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि 'सैनिक हमारे देश के गौरव है। सीमा पर 24 घंटे उनकी चौकसी से ही देश चैन की नींद सो पता है। हमें कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और सदैव देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।' कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।