मुफस्सिल थाना क्षेत्र में महिला हत्याकांड का खुलासा, पति-पत्नी समेत दो गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANMonday, November 16, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसाबुड़ा गांव में 59 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का गिरिडीह पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिवलाल मुर्मू (48) और उनकी पत्नी बड़की देवी (43) शामिल हैं। दोनों बसाबुड़ा गांव के साकिन निवासी हैं। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। मृतका के पति लाखीराम मुर्मू ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर हत्या का आरोप लगाया था। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 330/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस की जांच में पता चला कि मृतका के देवर मोतीलाल मुर्मू का पुत्र कई दिनों से बीमार था और रिम्स, रांची में भर्ती था। इलाज के दौरान 13 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद 14 नवंबर की सुबह डायन होने का आरोप लगाते हुए मृतका के देवर एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गिरिडीह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए दोनों नामजद प्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।