Type Here to Get Search Results !

छठ घाट पर पसरा मातम, तालाब में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले के गांडेय प्रखंड अंतर्गत अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पुतरिया स्थित पोखरिया तालाब में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। उगते भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के दौरान पानी में डूबने से छह वर्षीय मासूम बच्ची करिश्मा कुमारी की मौत हो गई। बच्ची मंटू वर्मा की पुत्री थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

जब तक परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और उसे पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई। जिस घाट पर कुछ देर पहले तक छठी मैया के जयकारे और पूजा-अर्चना का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार गूंजने लगी। मासूम की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.