Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राहुल गांधी पर बोला हमला, हेमंत सरकार को भी घेरा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता उनकी काबिलियत जानती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की तरक्की और विकास रास नहीं आ रहा है। उनकी बयानबाजी से ऐसा प्रतीत होता है कि वे किसी विदेशी रिमोट से संचालित हो रहे हैं।अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को भी आड़े हाथों लिया।उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने टैक्स और स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है। उनके अनुसार, राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। खनन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों पर रोक के बावजूद अवैध खनन जारी है और इससे कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब थाने के अंदर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और सरकार जनहित के बजाय अपने हितों को साधने में लगी हुई है।केंद्रीय मंत्री के इन बयानों से झारखंड की राजनीति में भाजपा और झामुमो के बीच सियासी घमासान और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.