Type Here to Get Search Results !

दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच अभियान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर आमजनों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खोरीमहुआ अनुमंडल अंतर्गत जमुआ प्रखंड के मिर्जागंज बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 10 दुकानों का निरीक्षण किया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए 5 दुकानदारों को अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। जांच अभियान के दौरान ठेला-खोमचा संचालकों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं, मिठाई दुकानदारों, पनीर विक्रेताओं एवं होटल संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने।

साफ-सफाई एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करने तथा खाद्य सामग्री को सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से रखने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान मिलावटी एवं एनालॉग पनीर की भी जांच की गई। खाद्य पदार्थों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमोदित खाद्य रंगों का ही उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित रंगों एवं मिलावटी सामग्री के इस्तेमाल से बचने की सख्त हिदायत दी गई। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशुतोष गहलौत ने स्पष्ट रूप से कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने, मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने अथवा निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.