सड़क हादसे में अधिवक्ता दंपती की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम/रानीखवा के पास हुंडई कार और बाइक में हुई टक्कर।
SHIKHAR DARPANTuesday, October 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के पचंबा और जमुआ थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित रानीखवा के पास मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में अधिवक्ता सहदेव नारायण चौधरी और उनकी पत्नी माया देवी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, शहर के शास्त्री नगर मोहल्ला निवासी सहदेव नारायण चौधरी अपनी पत्नी माया देवी के साथ विजयादशमी के अवसर पर अपने गांव माणिकलालो गए हुए थे। मंगलवार देर शाम दोनों बाइक से वापस गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान रानीखवा के पास पचंबा की ओर से जमुआ की तरफ जा रही एक हुंडई कार और उनकी बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पचंबा थाना पुलिस सक्रिय हुई और दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि दंपती की बहू प्रतिभा देवी पहले ही शास्त्री नगर स्थित घर लौट चुकी थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर सास-ससुर के सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। खबर सुनते ही वह बदहवास हालत में रानीखवा पहुंचीं, लेकिन तब तक दोनों के शव को एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाए जा चुका था। विजयादशमी के त्योहार के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार और मोहल्ले में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।