पीरटांड़ में मारपीट की दो घटनाओं से मचा हड़कंप, कई घायल।
SHIKHAR DARPANWednesday, October 21, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात मारपीट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना चिरकी मुख्य बाजार में हुई, जहां गोला डाबर निवासी मनीष हांसदा ने चिरकी निवासी सुमित कुमार साव समेत चार-पांच युवकों पर चाकू, रॉड, बेलचा सहित अन्य हथियारों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इस घटना में दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। वहीं, दूसरी घटना चिरकी फॉरेस्ट ऑफिस के सामने हुई। इस मामले में संजय राय, रूपेश राय, दीपक राय और छोटू राय समेत अन्य लोगों ने नावाडीह निवासी प्रसादी महतो, सौरभ साव सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
घटना को लेकर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है और घायलों का इलाज कराया गया है। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटनाओं से आक्रोशित लोगों ने बैठक कर विरोध जताया और पुलिस को सूचना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैठक में झामुमो नेता बिरजू मरांडी, महावीर मुर्मू, शेखर महतो और सुरेश हेंब्रम समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।