पपरवाटांड़ और बनियाडीह में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन, जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल।
SHIKHAR DARPANFriday, October 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सीसीएल क्षेत्र के पपरवाटांड़ और बनियाडीह में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विसर्जन यात्रा में शामिल होकर मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की कामना की। पपरवाटांड़ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इस वर्ष भी यहां भव्य पंडाल के साथ मेले का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेला समाप्त होने के बाद प्रतिमा को वाहन पर सवार कर विसर्जन यात्रा निकाली गई।
पपरवाटांड़ से करीब चार किलोमीटर की दूरी तय कर श्रद्धालु करहरबारी स्थित नावाआहार तालाब पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान मुखिया शिवनाथ साव की ओर से श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क पेयजल का वितरण किया गया। विसर्जन यात्रा में महिलाएं, युवतियां और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए मां दुर्गा को विदाई देने पहुंचे। वहीं, सीसीएल क्षेत्र के बनियाडीह में भी मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। यहां भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ विसर्जन कार्यक्रम में भाग लिया। दोनों स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन के साथ ही दुर्गापूजा उत्सव का समापन हो गया। मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में आस्था और भावुकता का माहौल देखने को मिला। लोगों ने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।