Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी करने वाले गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार, 13 कांडों का उद्भेदन//सरिया, धनवार, बिरनी और बगोदर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा, सोना, नकदी, बर्तन और दो बाइक बरामद।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह पुलिस ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के जेवरात से गलाया हुआ सोना, नकदी, चांदी की पायल, कांसा-पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह की गिरफ्तारी से सरिया, धनवार, बिरनी और बगोदर थाना क्षेत्रों में दर्ज कुल 13 चोरी के मामलों का उद्भेदन हुआ है। बुधवार को गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि बगोदर-सरिया एवं खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और रोकथाम के लिए विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 की रात सरिया थाना एवं भरकट्टा ओपी की गश्ती टीम ने बागोडीह में चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों का पीछा किया था। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने का लोहे का औजार, की-पैड मोबाइल और अन्य सामग्री बरामद की गई थी।

हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी भागने में सफल रहे थे। इस मामले में बागोडीह निवासी शांति के आवेदन पर सरिया थाना कांड संख्या 159/2026 दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष छापेमारी दल ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए।पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया कुमार सिंह (20 वर्ष), पिता सुनील सिंह, निवासी बेलदराडीह, राजधनवार; सुजीत कुमार सिंह, पिता अशोक सिंह, निवासी बरजो, धनवार; कृष कुमार, पिता टुनटुन साव, निवासी राजधनवार; संतोष प्रसाद (42 वर्ष), पिता स्वर्गीय महेंद्र कसेरा, निवासी राजधनवार; हर्ष कुमार, पिता संतोष प्रसाद कसेरा, निवासी राजधनवार; अनिल वर्मा, पिता स्वर्गीय लटन प्रसाद वर्मा, निवासी राजधनवार; तथा राजेश कुमार कसेरा (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामकिशुन कसेरा, निवासी शहीद चौक, राजधनवार शामिल हैं। सभी आरोपी गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 24.5 ग्राम गलाया हुआ सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 3.70 लाख रुपये बताई गई है, एक चांदी की पायल, 25 हजार रुपये नकद, करीब 25 किलोग्राम कांसा एवं पीतल के बर्तन, दो गैस सिलेंडर, एक पल्सर और एक बुलेट मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार बरामद किया है।

 पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी से सरिया थाना कांड संख्या 85/26, 125/26, 145/26, 148/26 और 159/26; धनवार थाना कांड संख्या 165/26 और 266/26; बिरनी थाना क्षेत्र एवं भरकट्टा ओपी के कांड संख्या 220/26, 227/26, 228/26 और 229/26; तथा बगोदर थाना कांड संख्या 155/26 और 180/26 का उद्भेदन हुआ है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार कन्हैया कुमार सिंह का धनवार थाना कांड संख्या 55/26 में आपराधिक इतिहास दर्ज है। वहीं, सुजीत कुमार सिंह का धनवार थाना कांड संख्या 55/26 के अलावा हीरोडीह थाना कांड संख्या 87/2025 में भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।इस विशेष छापेमारी दल में बगोदर-सरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम, खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, सरिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह, धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज, भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पाण्डेय, सरिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक श्रवण कुमार सिंह एवं निजामुद्दीन अंसारी सहित संबंधित थानों के सशस्त्र बल और गिरिडीह पुलिस की तकनीकी शाखा के सदस्य शामिल थे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.