पचम्बा में चोरी कांड का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार/एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, 24 बैट्री और सात एसी यूनिट बरामद।।
SHIKHAR DARPANThursday, October 22, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचम्बा थाना क्षेत्र के बाजार समिति परिसर में खड़े ट्रकों से बैट्री और टर्मिनल चोरी के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सामान भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को बाजार समिति, पचम्बा में खड़े ट्रकों से अज्ञात चोरों द्वारा बैट्री और टर्मिनल चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। इस मामले में पचम्बा थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस मामले के अलावा अन्य कांडों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार (20), मो. समशेर (23), मो. एहसान अंसारी (19), मो. सरताज अंसारी (24), मो. बसीर शाह (35) और अरमान खान (28) शामिल हैं। सभी गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 24 बैट्री और बीपीएल कंपनी के चार इनडोर तथा तीन आउटडोर एसी यूनिट जब्त किए हैं। छापेमारी दल में पचम्बा अंचल के पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत पचम्बा थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, रिजर्व गार्ड और गिरिडीह की तकनीकी शाखा के सदस्य शामिल थे।