Type Here to Get Search Results !

प्रेमिका ने मांगे 1.5 लाख रुपये तो प्रेमी ने पत्नी के साथ मिलकर की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग और 1.5 लाख रुपये की मांग को लेकर हुए विवाद में महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप उसके प्रेमी बिनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी पर है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को चिचाकी स्टेशन के पोल संख्या 335/31 के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिला था। शुरुआत में इस मामले में गोमो रेल थाना में यूडी कांड दर्ज किया गया था। बाद में शव की पहचान सरिया थाना क्षेत्र के कपीलो गांव निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। इसके बाद बगोदर थाना में हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।अनुसंधान में सामने आया कि बंधखारो निवासी बिनोद मंडल पिछले छह-सात वर्षों से लक्ष्मी कुमारी के संपर्क में था। वह उसकी पढ़ाई-लिखाई और अन्य खर्चों के लिए नकद तथा ऑनलाइन पैसे देता था।

पुलिस के अनुसार, उसने लक्ष्मी के उच्च शिक्षा में नामांकन के लिए भी भुगतान किया था।बताया गया कि लक्ष्मी ने गुजरात सेंट्रल यूनिवर्सिटी और इग्नू में नामांकन की प्रक्रिया रद्द करने के बाद आंध्र प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी में चार सेमेस्टर की पढ़ाई के लिए बिनोद से 1.5 लाख रुपये की मांग की थी। घर से आर्थिक सहायता नहीं मिलने के कारण वह बिनोद पर पूरी राशि देने का दबाव बना रही थी। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के कारण बिनोद ने हत्या की योजना बनाई।पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को बिनोद ने लक्ष्मी को दोन्दलो में मिलने के लिए बुलाया और अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से एक सुनसान कमरे में ले गया। वहां उसने कथित तौर पर लक्ष्मी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में बिनोद की पत्नी सविता देवी ने भी सहयोग किया।हत्या के बाद दोनों ने शव को बोरे में भरकर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास पटरी पर रख दिया, ताकि मामला रेल दुर्घटना का लगे और हत्या का राज छिपा रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (JH02BE-9754), एक सफेद बोरा और वीवो T2X 5G मोबाइल बरामद किया है। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बगोदर-सरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिनोद मंडल (करीब 40 वर्ष), पिता कमल मंडल, तथा उसकी पत्नी सविता देवी (करीब 35 वर्ष), दोनों निवासी बंधखारो, थाना सरिया, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है।वही पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.