Type Here to Get Search Results !

3 नवंबर को गिरिडीह में निकलेगी लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा, बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना//राज्य सरकार पर लगाया जनता को लूटने का आरोप, उपचुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

आगामी 3 नवंबर को गिरिडीह जिले में आयोजित होने वाली लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा को लेकर शुक्रवार को गिरिडीह स्थित अतिथि गृह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा के उद्देश्य और आगामी राजनीतिक रणनीति की जानकारी देते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। साथ ही राज्य सरकार को भी आड़े हाथों लिया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने और अराजकता की स्थिति को रोकने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 3 नवंबर को गिरिडीह में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके माध्यम से पार्टी जनता के बीच जाकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की नीतियों एवं गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश के लोकतंत्र को खतरा कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं से है। ये लोग लगातार संवैधानिक संस्थाओं का विरोध कर रहे हैं और झूठे नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं, तो कभी फर्जी वोटर का मुद्दा उठाया जाता है। इसके अलावा एसआईआर का भी विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा ने देशभर में जनता के बीच जाने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार कानूनी और गैरकानूनी दोनों तरीकों से जनता को लूटने में लगी हुई है। सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय अपनी तिजोरी भरने पर है। कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लेकर भी जनता का शोषण किया जा रहा है। ऐसी सरकार से इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती।

*गिरिडीह उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा:-
पिछले विधानसभा चुनाव में गिरिडीह सीट पर भाजपा की हार और पार्टी के अंदर आपसी खींचतान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में पार्टी को मामूली वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इस बार सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव की कमियों को दूर कर भाजपा इस बार अच्छे वोटों से जीत हासिल करेगी।उपचुनाव की तैयारियों और प्रत्याशी की घोषणा को लेकर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में घूमकर जनता से संपर्क कर रहे हैं। भाजपा के लोग 365 दिन जनता के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल चुनाव लड़ने और विधायक-सांसद बनने के उद्देश्य से राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा देश, समाज और क्षेत्र के लिए राजनीति करती है। चुनाव की घोषणा होने के बाद पार्टी प्रत्याशी के नाम पर निर्णय लेगी।

*अनुशासनहीनता के सवाल पर स्पष्ट जवाब देने से बचे:-
भाजपा में अनुशासनहीनता करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ऐसा नहीं है। कार्रवाई करने का एक तरीका होता है और इसके कई तरीके हैं। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि पार्टी की कार्रवाई दिखाई क्यों नहीं देती, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, मनोज साव, दिनेश यादव, विभाकर पांडेय सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.