पचम्बा थाना क्षेत्र के कांटेदार झाड़ियों में मिला नवजात, पचम्बा थाना प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल।
SHIKHAR DARPANFriday, September 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचम्बा थाना क्षेत्र में थाना से महज कुछ दूरी पर एक निजी कार शोरूम के समीप घनी और कांटेदार झाड़ियों से नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। झाड़ी सड़क से करीब पांच फीट नीचे स्थित थी। स्थानीय दुकानदारों की नजर जब नवजात पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार चालक विमलेश और सहायक पुलिस सुनीता के साथ मौके पर पहुंचे। कांटेदार झाड़ियों के कारण नवजात को बाहर निकालना मुश्किल था। इसके बावजूद थाना प्रभारी ने सावधानीपूर्वक झाड़ियों में उतरकर नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला।
झाड़ियों में पड़े रहने के कारण बच्चे के शरीर और आंखों पर छोटी-छोटी चोट व खरोंच के निशान पाए गए। थाना प्रभारी ने तत्काल नवजात को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नवजात झाड़ियों तक कैसे पहुंचा और उसे वहां किसने छोड़ा। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। वहीं, थाना प्रभारी द्वारा स्वयं झाड़ियों में उतरकर नवजात को सुरक्षित बाहर निकालने और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।