Type Here to Get Search Results !

शिव शक्ति स्पोर्टिंग क्लब, बहादुरपुर (खुखरा) द्वारा दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ।

पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।

खुखरा पंचायत अंतर्गत बहादुरपुर में शिव शक्ति स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साह, खेल भावना एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य खुखरा केशव पाठक एवं भाजपा हरलाडीह अध्यक्ष सोम पांडे ने फीता काटकर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन से पूर्व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु केशव पाठक द्वारा आयोजन समिति को जर्सी भी भेंट की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में शिव शक्ति स्पोर्टिंग क्लब, बहादुरपुर की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। युवाओं द्वारा प्रदर्शित यह सम्मान एवं आत्मीयता खेल और सामाजिक एकता के प्रति उनकी सकारात्मक सोच का परिचायक रहा। इस अवसर पर खुखरा थाना से विवेक कुमार, बहादुरपुर मांझी हड़ाम, रमेश बेसरा तथा वार्ड सदस्य पति दीनु बेसरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि केशव पाठक ने कहा कि “खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और टीम भावना का विद्यालय है।

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। ऐसी प्रतियोगिताएँ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में भाईचारा और एकता को भी मजबूत करती हैं।”उन्होंने कहा कि खुखरा पंचायत के युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा ही क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की पहचान है तथा जनप्रतिनिधि के रूप में वे सदैव खेल, शिक्षा और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहेंगे। उद्घाटन मैच हांसदा-11 महेशडुबा एवं झलवाड़ीह के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक मुकाबले के बाद महेशडुबा की टीम ने 2-1 गोल से जीत दर्ज की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब अध्यक्ष संतोष हाँसदा, सचिव सह संचालनकर्ता दिलीप हाँसदा, टीम मैनेजर एवं कोषाध्यक्ष दिनेश हाँसदा, उपाध्यक्ष योगेश हाँसदा, कप्तान अर्जुन बेसरा, अजीत हाँसदा, चरकू सोरेन तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी एवं युवा उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से रामलाल बेसरा, चुड़का सोरेन, संजय बेसरा, राजेश मुर्मू, पतिराम बेसरा एवं राजू कोल्ह सहित अनेक गणमान्य ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों के उत्साह और ग्रामीणों के सहयोग ने इस आयोजन को सफल एवं यादगार बना दिया। ऐसे आयोजन न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.