विद्यालय स्तरीय गणित-विज्ञान मेला संपन्न, चयनित मॉडल प्रांतीय स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व।
SHIKHAR DARPANWednesday, September 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में बुधवार को विद्यालय स्तरीय गणित-विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार, प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र, कार्यक्रम प्रमुख राजीव सिन्हा एवं कोकिल आचार्य ने सरस्वती मंदिर में पूजा-अर्चना, नारियल फोड़कर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महान गणितज्ञ आर्यभट्ट एवं वैज्ञानिक होमी जहांगीर भाभा के चित्रों पर पुष्पार्चन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण तथा दैनिक जीवन में गणित के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक प्रतिनिधि के रूप में कालूराम इंटर कॉलेज के प्राचार्य एन.के. शाही, बी.एन.एस. डीएवी स्कूल के शिक्षक रंजीत सिंह व मंटू सिंह तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल के शिक्षक शिवम तिवारी एवं मोनिकेश बनर्जी उपस्थित रहे। विद्यालय अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने सभी निर्णायकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में गणितीय एवं वैज्ञानिक क्षमता के साथ-साथ मौलिक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करते हैं। वहीं अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच भविष्य में देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को प्रांतीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
गणित प्रदर्शनी में तरुण वर्ग से रिया कुमारी ने प्रथम, किशोर वर्ग से विक्की कुमार यादव, बाल वर्ग से हृत्विक राज, इशिता कुमारी व मयंक राज तथा शिशु वर्ग से यशस्वी रंजन, प्रियांशु, अलीशा सिन्हा, दिव्यांशी कुमारी व आराध्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी के किशोर-तरुण वर्ग में सागर सोनू, चिन्मय मिश्रा, अंशु कुमार, कुमार आर्यन, प्रिंस कुमार पाण्डेय, संध्या कुमारी, अभिजीत पटेल एवं देवराज सिन्हा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिशु-बाल वर्ग में सोनू कुमार, आर्यन कुमार शांडिल्य, विनायक बर्मन, प्रत्यूषा कुमारी, आर्यन वर्मा, कुश कुमार, आरुषी कुमारी, अभय कुमार, नित्यानंद कुमार एवं सुजल कुमार अग्रवाल सहित अन्य विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। चयनित विद्यार्थी आगामी प्रांतीय गणित-विज्ञान मेले में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य-दीदी एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। अंत में वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।