टुंडी रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत।
SHIKHAR DARPANThursday, September 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर थाना क्षेत्र के टुंडी रोड पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर स्थित घोबन्नी निवासी मनोज कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मनोज कुमार यादव पेशे से ड्राइवर थे और माल ढुलाई के सिलसिले में चाइना मोड़ गए थे। ट्रक में माल लोड नहीं हो पाने के कारण वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तिरंगा चौक पार करने के कुछ देर बाद टुंडी रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और नगर थाना पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि मनोज अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। इधर, पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।