तीन विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, विजेता बच्चों को किया गया सम्मानित।
SHIKHAR DARPANSaturday, September 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सेवा माह के अंतर्गत “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत–सेवा संकल्प अभियान 2026” के तहत शनिवार को गिरिडीह के तीन विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय उदनाबाद, श्री ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय अजीडीह में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ड्राइंग के माध्यम से अपने विचारों और कल्पनाओं को रंगों के जरिए प्रस्तुत किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय, कार्यक्रम की संयोजक संगीता सेठ, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दीपक पंडित सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ड्राइंग एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।