चिरकी में दो दिनों से बिजली गुल, ग्रामीणों ने पावर हाउस में दिया धरना, पदाधिकारी के समझाने के बाद माने ग्रामीण।
SHIKHAR DARPANFriday, September 25, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड थाना क्षेत्र के चिरकी पंचायत में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। बिजली समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार देर रात चिरकी पावर हाउस पहुंच कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। बिजली चालू नहीं होने पर ग्रामीणों ने पावर हाउस में ही धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के कई पदाधिकारियों ने फोन पर ग्रामीणों से बातचीत की और शुक्रवार को पीरटांड़ थाना परिसर में बैठक कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण धरना समाप्त कर लोग अपने-अपने घर लौट गए। शुक्रवार को ग्रामीण पुनः पीरटांड़ थाना परिसर में एकत्रित हुए और बिजली विभाग के पदाधिकारियों का इंतजार करते रहे। काफी देर तक कोई अधिकारी नहीं पहुँचे। जिसके बाद नाराज ग्रामीण दोबारा चिरकी पावर हाउस पहुंचकर धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलने पर झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, झामुमो नेता महावीर मुर्मू, एसडीपीओ आबिद खान और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
इसी दौरान बिजली विभाग स्कुटीव इंजीनियर मृणाल गौतम,एसडीओ राजेश निरंजन टोपो ,ऐ०सी०,बिजली कर्मी दिलीप कुमार के अलावे कई पदाधिकारी भी धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और मामले को सुलझाने का प्रयास किया। बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से तीन दिनों का समय देने की मांग की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाएगा और क्षेत्र की बिजली समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि चिरकी में पावर हाउस होने के बावजूद क्षेत्र में नियमित बिजली नहीं मिल रही है, जबकि मधुबन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति चालू रहती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि चिरकी क्षेत्र को मधुबन की बिजली लाइन से जोड़ दिया जाए, ताकि बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सके। बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई सहित ग्रामीणों के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। धरना में श्याम प्रसाद, मुकेश मंडल, बबलू साव, धीरज वर्णवाल, मुखिया सोमरा हेंब्रम, शूरेंद्र महतो,दिपक मंडल,सुमित कुमार,जावेद,भोला राणा,अनिल भगत,राजेश गुप्ता,साजु,हीरा तुरु,हीरा साव,विक्की गुप्ता,पंकज साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे ।