बिना खतियान/रसीद के जाति-आवासीय प्रमाण-पत्र बनाने में हो रही परेशानी। प्रशासन संज्ञान ले, वैकल्पिक उपाय की जानकारी देकर बनवाए प्रमाण पत्र- राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANThursday, September 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जारी एसआईआर और राशन केवाईसी के लिए बहुत से लोगों को जाति-आवासीय प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ गई है, लेकिन भूमिहीन किस्म के लोगों का खतियान और रसीद नहीं होने के कारण उन्हें इसे बनाने में काफी परेशानी हो रही है। हालांकि सरकार की ओर से इसके लिए वैकल्पिक प्रावधान किए गए हैं, लेकिन पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण गरीबों को इस नाम पर खासा परेशान किया जा रहा है। उनसे मुद्रा विमोचन भी हो रहा है। आज सदर प्रखंड के सेनादोनी पंचायत अंतर्गत तिगोजोरी गांव में ऐसा ही मामला सामने आया जहां के भूमिहीन गरीबों के पास जमीन का कोई खतियान और रसीद नहीं होने के कारण उनका जाति/आवासीय नहीं बन पा रहा है। हालांकि उनके पास सरकार का दिया हुआ भूमिहीन/ गृहविहीन आधारित जमीन मिलने का प्रमाण पत्र मौजूद है। उन्होंने बताया कि, वे जाति-आवासीय बनाने के लिए आयोजित किए गए कैंप में भी गए थे, लेकिन उनकी इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
बैठक की अगुवाई फॉरवर्ड ब्लॉक नेता मनोज यादव तथा पंकज वर्मा ने करते हुए प्रशासन से अविलंब वैकल्पिक प्रावधान के तहत ऐसे सभी लोगों का प्रमाण पत्र बनाने की मांग की। कहा कि अन्यथा वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इधर इस सवाल पर पार्टी के जिला संयोजक एवं पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव ने कहा कि, येन-केन-प्रकारेण गरीबों को ही परेशान होना पड़ रहा है। वे जाति-आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बनने पर राशन कार्ड/ वोटर लिस्ट से नाम कटने के प्रति आशंकित हैं। इसी का फायदा उठाकर उनका आर्थिक दोहन भी किया जा रहा है। कहा कि, प्रशासन अविलंब इसका संज्ञान ले। नहीं तो अगले सप्ताह किसी भी दिन अंचल कार्यालय में ऐसे प्रभावित लोगों को लेकर जवाब मांगा जाएगा। मौके पर उक्त के अलावा पंकज वर्मा, रामेश्वर दास, भोला दास, विनोद दास, छोटू दास, भुनेश्वर राय, सोमर दास, डलिया देवी, चिंता देवी, उर्मिला देवी, गुंजा देवी सहित अन्य मौजूद थे।