Type Here to Get Search Results !

खिरोद नदी पर अधूरा पुल बना परेशानी का कारण, बच्चों को कंधे पर बैठाकर नदी पार करने को मजबूर परिजन।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी प्रखंड की गुमगी पंचायत स्थित खिरोद नदी पर पुल निर्माण कार्य अधूरा रहने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। करीब 400 की आबादी वाले गांव के लोगों को आज भी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है। नदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण आवागमन और भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है। बच्चों को नदी पार कराने के लिए परिजन उन्हें कंधे पर बैठाकर नदी पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण कार्य अधूरा रहने से रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने में काफी परेशानी होती है।

वहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ किसी के बीमार पड़ने पर अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण पूरा होने की उम्मीद के बावजूद अब तक काम अधूरा पड़ा है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुल निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.