Type Here to Get Search Results !

लप्रान्तीय गणित मेला का भव्य उद्घाटन, 45 विद्यालयों के 500 भैया-बहनों ने लिया भाग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

विद्या विकास समिति, झारखण्ड के तत्वावधान में सरस्वती शिशु विद्या मन्दिर, बरगंडा में 23वें प्रान्तीय गणित मेला-2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का आरम्भ विद्यालय स्थित माँ सरस्वती मन्दिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत के महान गणितज्ञ आर्यभट्ट, निवास रामानुजन, शकुंतला देवी एवं ब्रह्मगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण-पुष्पार्चन कर उद्घाटन संपन्न हुआ। मंच संचालन जमशेदपुर विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता  ब्रेन टुडू जी ने किया। प्रधानाचार्य आनन्द कमल ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया एवं अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। देवघर विभाग प्रमुख सुरेश मण्डल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज 5 सितम्बर शिक्षक दिवस एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयन्ती है। हमें उनके जीवन-दर्शन से प्रेरणा लेनी चाहिए। विद्या भारती की योजना अनुसार इस वर्ष संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयन्ती वर्ष मनाया जा रहा है। यह 23वाँ प्रान्तीय गणित मेला है, कोरोना काल के कारण दो वर्ष आयोजन बाधित रहा।

इस मेले से चयनित प्रतिभागी इसी माह रामगढ़ में आयोजित क्षेत्रीय गणित मेले में झारखण्ड प्रान्त का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. श्रवण कुमार ने कहा - मेरी सफलता का श्रेय मेरे आचार्य-दीदी जी एवं अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार जी को जाता है, गुरुजनों से मिलकर असीम शांति मिलती है। प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने आशीर्वचन में कहा कि सभी भैया-बहन क्षेत्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। इस विशाल आयोजन से विद्यालय का गौरव बढ़ा है। हमें व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाना है ताकि भावी पीढ़ी को बेहतर अवसर मिलें। क्रियाशीलता ही पूर्णता का परिणाम है। मेले में झारखण्ड के 45 विद्यालयों के लगभग 500 भैया-बहनों ने सहभागिता की है। शिशु, बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग में प्रश्न मंच, पत्र वाचन, गणित प्रयोग एवं गणित प्रदर्श जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना है। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजिका एवं विद्यालय सचिव शालिनी खोवाला, जमशेदपुर विभाग प्रमुख तुलसी प्रसाद ठाकुर, साहेबगंज के प्रवासी कार्यकर्ता रमेश कुमार जी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं आचार्यगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.