Type Here to Get Search Results !

40 से 80% अनुदान का झांसा देकर 10 करोड़ से अधिक की कथित ठगी, राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

वाहन, मकान निर्माण और अन्य सरकारी योजनाओं में 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिलाने का झांसा देकर 30 से अधिक लोगों से करीब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित ठगी के मामले में पचंबा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राधास्वामी संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, उसकी पत्नी व संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा तथा दो सहयोगियों सुबोध सिंह और सुमित सिन्हा को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। मामले का खुलासा डीएसपी आरके राणा ने पचंबा थाना परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चारों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस अब कथित ठगी के पूरे नेटवर्क, बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। 

पुलिस के अनुसार, संगठन की ओर से लोगों को आवास योजना, कन्यादान योजना, वाहन योजना समेत विभिन्न योजनाओं में 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिलाने का भरोसा दिया गया था। वाहन खरीदने के इच्छुक लोगों से वाहन की कीमत का करीब 20 से 60 प्रतिशत हिस्सा संगठन के खाते में जमा कराया गया। इसके बाद शेष राशि लाभुकों के नाम पर बैंक से फाइनेंस कराई गई। पीड़ितों का आरोप है कि संगठन ने भरोसा दिलाया था कि बैंक लोन की मासिक किस्त यानी ईएमआई संगठन स्वयं जमा करेगा। इसी भरोसे में लोगों ने अपनी जमा पूंजी संगठन के खाते में जमा कर दी और अपने नाम पर बैंक से लोन भी ले लिया। आरोप है कि वाहन मिलने के बाद संगठन ने ईएमआई की राशि भेजनी बंद कर दी। एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बैंक में किस्त जमा नहीं होने से अब पीड़ितों के घर रिकवरी और वाहन जब्ती के नोटिस पहुंचने लगे हैं। इससे पीड़ितों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई है। एक तरफ संगठन में जमा की गई उनकी रकम फंस गई, वहीं दूसरी ओर बैंक लोन चुकाने की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर आ गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कथित पीड़ित पचंबा थाना पहुंचे। बरगंडा निवासी ओम नाथ गोस्वामी, बक्सीडीह निवासी रानू सिन्हा, घोरंजो निवासी तालिब हसन, पचंबा निवासी राजीव कुमार, बोड़ो निवासी मो. अकुल अंसारी, मो. अमजद और मो. शहनबाज अंसारी समेत कई लोगों ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने संयुक्त आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। बरगंडा निवासी ओम नाथ गोस्वामी, बक्सीडीह निवासी रानू सिन्हा, घोरंजो निवासी तालिब हसन, पचंबा निवासी राजीव कुमार, बोड़ो निवासी मो. अकुल अंसारी, मो. अमजद और मो. शहनबाज अंसारी समेत कई लोगों ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने संयुक्त आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस के मुताबिक, कथित ठगी का दायरा केवल वाहन योजना तक सीमित नहीं है। आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के नाम पर भी लोगों से रकम लेने की शिकायत सामने आई है। प्रारंभिक जांच में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के कई लोगों के इस कथित नेटवर्क से प्रभावित होने की जानकारी मिली है। डीएसपी आरके राणा ने लोगों से अपील की है कि सरकारी अनुदान, सब्सिडी, लोन माफी अथवा किसी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति निजी खाते में रकम जमा कराने या बैंक लोन की किस्त स्वयं भरने का दावा करता है, तो पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल कर लें। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। जांच के दौरान पीड़ितों की संख्या और कथित ठगी की राशि बढ़ सकती है। अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.