Type Here to Get Search Results !

खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ बनियाडीह में मोदी का पुतला दहन, JMM ने आंदोलन का किया ऐलान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

खान और खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में बुधवार को गिरिडीह के बनियाडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) गिरिडीह पूर्वी, गिरिडीह पश्चिमी प्रखंड कमेटी और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन क्षेत्रीय समिति की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मौके पर JMM केंद्रीय कमेटी सदस्य दिलीप मंडल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार खान-खनिज संशोधन विधेयक लाकर झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि विधेयक के लागू होने से झारखंड को भारी आर्थिक नुकसान होगा और विकास कार्य प्रभावित होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को इस विधेयक के बारे में जागरूक करने की अपील की। झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि केंद्रीय कमेटी के निर्देश का इंतजार है और जरूरत पड़ने पर पूरे गिरिडीह की जनता को सड़क पर उतारकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि विधेयक का असर मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन, अबुआ आवास और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं पर पड़ सकता है।

अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष चांद रसीद ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के विकास को रोकना चाहती है। वहीं जिला सह सचिव दिलीप रजक ने कहा कि गिरिडीह में विधेयक के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा। युवा मोर्चा के जिला संगठन सचिव मेहताब मिर्जा ने कहा कि आंदोलन के पहले चरण में गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक की जानकारी दी जा रही है और इसके संभावित प्रभावों के बारे में बताया जा रहा है। झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन क्षेत्रीय समिति गिरिडीह के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू और सचिव तेजलाल मंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खान-खनिज संशोधन विधेयक वापस नहीं लिया गया तो गिरिडीह से एक छटाक कोयला भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। कार्यक्रम में गिरिडीह पूर्वी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू, सचिव सरफ्फूदीन अंसारी, गिरिडीह पश्चिमी प्रखंड अध्यक्ष अनवर अंसारी, अर्जुन रवानी, नरेश यादव, प्रकाश यादव, नारायण दास, जगत पासवान, सीताराम मांझी, चुड़का हांसदा, किशोर राम, सुरेंद्र दास, खुबलाल दास, सुनील दास, मनोज मंडल और सचिन वर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.