जिला जनसंपर्क कार्यालय से चोरी हुए इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANThursday, August 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक सह प्रभारी इकाई लिपिक राजेश पासवान के कार्यालय से चोरी हुए इलेक्ट्रॉनिक सामान के मामले का नगर थाना पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए सभी सामान भी बरामद कर लिए हैं। गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि राजेश पासवान की लिखित शिकायत पर नगर थाना कांड संख्या 158/26 दिनांक 29 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334(1)/303(2) में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर मामले की त्वरित जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने न्यू चूड़ी मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में महताब अंसारी उर्फ बल्लू (न्यू चूड़ी मोहल्ला, नगर थाना) तथा मो. वारिस (सिमरियाधोड़ा, बुढ़ियाखाद, मुफस्सिल थाना क्षेत्र) शामिल हैं।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया। बरामद सामान में दो बैटरियां, एक माइक्रोटेक इनवर्टर तथा एक क्षतिग्रस्त सैमसंग एलईडी टीवी शामिल है। डीएसपी ने बताया कि जब्त सामानों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा मामले में बेहतर साक्ष्य जुटाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में नगर थाना के सह थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, गुलाम गौस हुस्सामी, अमित कुमार, अरविंद पाठक, पियुष केरकेट्टा तथा नगर थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।