Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह उपायुक्त को ज्ञापन देकर उसरी नदी और वाटर फॉल बचाने की अपील।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

उसरी नदी और वाटर फॉल बचाओ अभियान से जुड़े लोगों ने मानव श्रृंखला आंदोलन के बाद गिरिडीह उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपकर बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री के लिए यदि पाइपलाइन के सहारे उसरी नदी से पानी ले जाने का कोई आदेश दिया गया हो, तो उसे निरस्त करने की मांग की है। आवेदन में लिखा गया है कि बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन ने बलपूर्वक सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाया है और उसरी नदी में इंटेकवेल बनाकर पानी फैक्ट्री में ले जाने की तैयारी में है। क्षेत्र की जनता इसका विरोध करती है। इसलिए बिछाई गई पाइपलाइन को अविलंब हटाने की कार्रवाई करें।आवेदन में चंदर वर्मा, शुभांकर कुमार, विकास राय, सविनाश राय, अनुज राय, सौरव कुमार राय, माले नेता  राजेश सिन्हा, विजय राय, हसनैन अली, प्रियांशु कुमार राय समेत कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।

*फैक्ट्री प्रबंधन कर मनमानी नहीं चलने दी जाएगी : आंदोलनकारी*
ज्ञापन सौंपे जाने के बाद समाजसेवी चंदर वर्मा एवं गादी श्रीरामपुर के मुखिया प्रतिनिधि सुनील सिंह ने पत्रकारों से कहा कि उसरी नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए गिरिडीह पूर्वी क्षेत्र, शहरी क्षेत्र के लोगों ने एक बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। फैक्ट्री प्रबंधन की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। तीन वर्षों से प्रदूषण के खिलाफ एवं उसरी नदी वाटर फॉल को बचाने की मुहिम से जुड़े गादी श्रीरामपुर पंचायत समिति सदस्य शुभांकर कुमार, उप मुखिया प्रतिनिधि रणजीत राय, विजय विशाल राय ने कहा कि उसरी नदी से जल का दोहन नहीं करने दिया जाएगा। कंपनी प्रबंधन एक साल से ज्यादा समय से नदी से पानी उठाने के लिए पाइपलाइन बिछाने की जुगत में थी, जिसे नाकाम किया गया था। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद बलपूर्वक पाइपलाइन बिछाया गया है, जिसे ग्रामीण बर्दाश्त करने को  तैयार नहीं है। प्रदूषण को भी बंद करना होगा, नहीं तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि शहर के बजरंग चौक के पास बालमुकुंद फैक्ट्री का ऑफिस है। उसके सामने आंदोलन करने का जरूरत है। उपायुक्त कार्यालय, अंचल कार्यालय, पथ निर्माण विभाग, डीवीसी, जल संसाधन विभाग के समक्ष इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.