Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण, नियमों के अनुपालन की हुई जांच।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने सोमवार को शहर में संचालित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थानों में निर्धारित नियमों और मानकों के अनुपालन के साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई।निरीक्षण के दौरान आकाश इंस्टीट्यूट, फिजिक्स वाला विद्यापीठ, सद्दाम फिजिक्स क्लासेज, नागेंद्र फिजिक्स क्लासेज, मंटू मैथेमेटिक्स, शिराज केमिस्ट्री क्लासेज, लिटलैक्चर प्वाइंट और एग्जाम प्वाइंट समेत कई कोचिंग संस्थानों का जायजा लिया गया। एसडीएम ने संस्थानों के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के अभिलेख, कक्षाओं की व्यवस्था, पढ़ाई की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।

संचालकों से आवश्यक जानकारी लेने के साथ उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने संचालकों को झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) अधिनियम, 2025 तथा इसके तहत जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संस्थानों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोचिंग संस्थानों में सुरक्षित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। नियमों की अनदेखी या उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.