ईपीएफ में पेंशन मद की कटौती नहीं होने से सहायक अध्यापकों में नाराजगी, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 05, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के सैकड़ों सहायक अध्यापकों के मानदेय से ईपीएफ के पेंशन मद की राशि की कटौती नहीं होने का मामला सामने आने के बाद शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। बुधवार को इस मुद्दे को लेकर पीरटांड़ स्थित बीआरसी में सहायक अध्यापकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई। बैठक में शिक्षकों ने कहा कि उनके मानदेय से ईपीएफ की राशि नियमित रूप से काटी जा रही है, लेकिन पेंशन मद में निर्धारित अंशदान नहीं जोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस त्रुटि को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन लाभ प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
इस संबंध में सहायक अध्यापकों ने शिक्षा विभाग के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) बासिल मरांडी को शिकायत सौंपी। बीपीओ ने सभी शिक्षकों को संयुक्त आवेदन देने की सलाह देते हुए आश्वासन दिया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले को जिला कार्यालय भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि कई सहायक अध्यापक ईपीएफ से जुड़ी अन्य तकनीकी समस्याओं का भी लंबे समय से सामना कर रहे हैं, जिनका अब तक समाधान नहीं हो सका है। सहायक अध्यापक संघ के प्रमोद सिंह, महेश्वर मुर्मू और अरुण मंडल ने कहा कि जल्द ही संयुक्त आवेदन बीपीओ को सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में विधानसभा घेराव कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।