स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने आवासीय कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 15, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने आवासीय कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि यह हमें राष्ट्र के प्रति अपने संवैधानिक दायित्वों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति सजग होने की प्रेरणा देता है।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्राप्त आजादी की रक्षा करना तथा देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेह प्रशासन एवं जनकल्याण के मूल उद्देश्यों के साथ जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिलेवासियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।