Type Here to Get Search Results !

सावन सप्तमी को लेकर गुलजार हुआ मधुबन, तीर्थयात्रियों का जत्था पहुंचना शुरू।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन में सावन सप्तमी यानी मोक्ष सप्तमी को लेकर तीर्थयात्रियों का जत्था पहुंचना शुरू हो गया है। पर्व को लेकर करीब एक सप्ताह पहले से ही मधुबन बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं से पूरा मधुबन गुलजार नजर आ रहा है। मुख्य मार्गों पर तीर्थयात्रियों की चहलकदमी के साथ विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं।प्रतिवर्ष श्रावण शुक्ल सप्तमी के अवसर पर पारसनाथ पर्वत स्थित पार्श्वनाथ मंदिर में मोक्ष सप्तमी मनाई जाती है। जैन धर्मावलंबियों की मान्यता है कि इसी पावन तिथि को भगवान पार्श्वनाथ ने निर्वाण प्राप्त किया था। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान पार्श्वनाथ को निर्वाण लड्डू अर्पित किया जाएगा।

*तीर्थयात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था*
मोक्ष सप्तमी को लेकर भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी की ओर से मधुबन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कमेटी के सुमन सिन्हा ने बताया कि बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्राथमिक चिकित्सा शिविर के साथ अल्पाहार, चाय तथा शिशुओं के लिए निःशुल्क दूध की व्यवस्था की गई है। कमेटी कार्यालय परिसर में भव्य पंडाल भी तैयार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मोक्ष सप्तमी महोत्सव से जुड़ी गतिविधियों एवं आवश्यक जानकारियां भी दी जाएंगी। पारसनाथ पर्वत स्थित पार्श्वनाथ मंदिर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

*स्वच्छता और गर्म पानी की व्यवस्था*
सावन सप्तमी मेले को देखते हुए श्री शिखरजी स्वच्छता समिति की ओर से मधुबन एवं आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पर्वत की तलहटी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निःशुल्क गर्म पानी समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है।
*सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट*
सावन सप्तमी मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि मधुबन की तलहटी से लेकर पारसनाथ पर्वत तक जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू आवागमन को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि सावन सप्तमी के दिन वंदना पथ पर बाइक का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मधुबन में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। बड़े वाहनों के ठहराव के लिए पारसनाथ मेला मैदान में व्यवस्था की गई है। एसडीपीओ आबिद खान ने कहा कि 18, 19 और 20 अगस्त को वे स्वयं मधुबन में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि मोक्ष सप्तमी के दौरान देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.