तिसरी में काँवरियों से भरी वाहन पुलिया के नीचे पलटी, 9 घायल।
SHIKHAR DARPANTuesday, August 18, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
देवघर के बाबाधाम से जलाभिषेक कर बिहार लौट रहे काँवरियों से भरी एक वाहन मंगलवार सुबह तिसरी थाना क्षेत्र के मचनियाटांड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया के नीचे पलट गई। हादसे में चालक समेत 9 काँवरिया घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस के एएसआई मूसा समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को वाहन से निकालकर पुलिस वैन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी पहुंचाया। जहां डॉ. जैनेन्द्र और स्वास्थ्यकर्मी चंदन ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
घटना की जानकारी मिलते ही मॉर्निंग वॉक कर रहे स्थानीय समाजसेवी अफताब अंसारी, जयप्रकाश यादव, आशिक अंसारी और नाजिम खान भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। घायल सभी काँवरिया बिहार के नवादा और राजगीर जिले के बताए गए हैं। घायलों में मंटू कुमार, प्रतिमा देवी, मीरा देवी, चुन्नू कुमार, लालती देवी, सुमन राज, चिंता देवी, पियूष कुमार और गौतम कुमार शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।