देवघर जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी डॉ. विमल कुमार ने किया रात्रि निरीक्षण।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार रात्रि पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार एवं डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने निमियाघाट से लेकर बेंगाबाद थाना क्षेत्र तक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने मार्ग में पड़ने वाले सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार पुलिस की निगरानी बनी रहे तथा श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में जगह-जगह पुलिस पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालु तुरंत संपर्क कर सकें। इसके अलावा मार्ग में लगाए गए विभिन्न सेवा शिविरों पर भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि बाबा धाम देवघर जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना गिरिडीह पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।