Type Here to Get Search Results !

बेलकुशी महादेव मंदिर के पीछे तालाब में मिला युवक का शव, 4 दिन से था लापता।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी और देवरी प्रखंड की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध बेलकुशी महादेव मंदिर के पीछे वाले तालाब में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला।  मृतक की पहचान तिसरी थाना क्षेत्र के पलमरुआ गांव निवासी मो. मिन्हाज के 19 वर्षीय पुत्र अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अब्दुल मानसिक रूप से थोड़ा विक्षिप्त था और बीते चार दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था।शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने बेलकुशी तालाब में एक शव तैरते हुए देखा। खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और इसकी सूचना तिसरी थाना पुलिस को दी।

 सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर, एसआई लव कुमार, राहुल यादव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पानी में रहने के कारण शव फूल गया था और तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव 3 से 4 दिन पुराना है। मौके पर शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर थाना लाया। इसके बाद गुरुवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले मो. मिन्हाज और उनके परिजनों को थाने बुलाकर शिनाख्त कराई गई। शव देखते ही उन्होंने अपने बेटे को पहचान लिया और परिजन फूट-फूट कर रोने लगे। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। हालांकि अब्दुल वहां कैसे पहुंचा और पानी में कैसे डूबा इसका खुलासा पुलिसिया जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.