Type Here to Get Search Results !

राज्य सरकार ने गिरिडीह पुलिस को सौंपीं 32 नई डायल-112 गाड़ियां, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने डायल-112 परियोजना के तहत गिरिडीह पुलिस को 32 नई बोलेरो वाहन उपलब्ध कराई हैं। शुक्रवार को न्यू पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़ने के बाद हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को जिले के विभिन्न थानों के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए वाहनों का पूजन किया गया। इस दौरान सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी रूपेंद्र राणा, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी 32 नई बोलेरो गाड़ियों को जिले के विभिन्न थानों में तैनात किया जाएगा।

इन वाहनों के शामिल होने से डायल-112 की आपातकालीन सेवा और अधिक प्रभावी होगी तथा दुर्घटना, अपराध, चिकित्सा या अन्य आपात स्थिति में पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम में कमी आएगी। साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस के पास पर्याप्त संसाधनों का होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले में अक्सर भूमि विवाद जैसी घटनाएं सामने आती हैं और कई बार पुलिस के घटनास्थल पहुंचने से पहले ही स्थिति हिंसक हो जाती है। नई गाड़ियों के मिलने से पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी और ऐसी परिस्थितियों से बेहतर ढंग से निपटा जा सकेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने कहा कि नए वाहनों का पूरी क्षमता के साथ उपयोग किया जाएगा। इससे पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी तथा आम जनता को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी बड़ी मदद मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.