Type Here to Get Search Results !

मोक्ष सप्तमी से पहले पारसनाथ पर्वत पर स्वच्छता अभियान तेज, 300 डस्टबिन लगाए गए।

मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता। 

आगामी मोक्ष सप्तमी को ध्यान में रखते हुए श्री शिखरजी स्वच्छता समिति ने 1 अगस्त से पारसनाथ पर्वत के वंदना मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत प्रतिदिन वंदना मार्ग की साफ-सफाई की जा रही है, ताकि तीर्थयात्रियों को स्वच्छ एवं पवित्र वातावरण मिल सके। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति श्रद्धालुओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वंदना मार्ग पर लगभग 300 डस्टबिन लगाए गए हैं। इनमें श्रद्धालु प्लास्टिक के थैले, पानी की खाली बोतलें एवं अन्य कचरा डाल सकते हैं। इन डस्टबिनों से कचरा नियमित रूप से वाहन के माध्यम से पर्वत के नीचे बने कचरा संग्रहण केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है।

पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत पर्वत पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की जाएगी कि वे पारसनाथ पर्वत की धार्मिक गरिमा, पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने में समिति का सहयोग करें तथा कहीं भी प्लास्टिक या अन्य कचरा न फैलाएं। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पारसनाथ पर्वत एक अत्यंत पवित्र धार्मिक तीर्थ है। इसकी स्वच्छता और प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी श्रद्धालुओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही तीर्थ की मर्यादा और पर्यावरण दोनों का संरक्षण संभव हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.