Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 24 घंटे में 4 गिरफ्तार।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए 1 पुरुष और 3 महिलाओं को बिहार के नवादा जिले से गिरफ्तार किया है। सोमवार को तिसरी थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध जमामो माता मंदिर प्रांगण में दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु के गले से सोने की चेन और दूसरी महिला के गले से सोने का लॉकेट चोरी हो गया था। इस संबंध में आवेदक अजीत कुमार साहू के लिखित आवेदन पर तिसरी थाना में कांड संख्या 72/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी ने खोरीमहुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया। गठित टीम ने जमामो माता मंदिर पहुंचकर पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने एक संदिग्ध महिला अंशु कुमारी को डोरंडा स्थित किराए के मकान से हिरासत में लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के नाम बताए। उसकी निशानदेही पर थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार के नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव पहुंची और छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिंकल मिश्रा पिता विक्की मिश्रा, सरिता देवी पति विक्की मिश्रा और मुस्कान देवी पति टिंकल मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डोरंडा स्थित किराए के मकान से चोरी किया गया सोने का चेन, सोने का लॉकेट और दो मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी चारों आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं, जिसमें मां, बेटा, बहू और चचेरी बहन शामिल हैं। इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है और पहले भी बिहार में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इस पूरे उद्भेदन में एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर रोहित महतो, तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर, एसआई लव कुमार, एएसआई मो. मूसा, निरंजन राय, नीरज कुमार सिंह, राहुल यादव और मीना मुर्मू की भूमिका सराहनीय रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.