Type Here to Get Search Results !

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को लेकर 15 अगस्त को ग्राम सभा/सभा का आयोजन// “जहां मतदाता, वहीं संवाद—गांव में पंचायत भवन और शहर में मतदान केंद्रों पर होगी विशेष सभा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026 के तहत 15 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम सभा/सभा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान केंद्रों से संबंधित पंचायत भवनों में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। वहीं शहरी क्षेत्रों में सभी मतदान केंद्रों पर सभा आयोजित की जाएगी। इन सभाओं में संबंधित बीएलओ (BLO) एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। 

*ग्राम सभा/सभा में प्रमुख रूप से होगी इन विषयों पर चर्चा...*
ड्राफ्ट मतदाता सूची में अंकित सभी मतदाताओं के नामों को उच्च स्वर में पढ़कर सुनाया जाएगा। 
ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी कारणवश छूटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान की जाएगी।
01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र भारतीय नागरिकों से मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु प्रपत्र-6 में आवश्यक दस्तावेज के साथ आवेदन। 
मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर प्रपत्र-8 के माध्यम से सुधार हेतु आवेदन करने की जानकारी दी जाएगी।
ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी कारणवश शामिल किए गए अपात्र व्यक्तियों की पहचान की जाएगी।
नोटिस एवं सत्यापन की अवधि के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी साझा की जाएगी।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 15 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा/सभा में सक्रिय रूप से भाग लें तथा मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम एवं विवरण की जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया है कि ग्राम सभा के आयोजन की कार्यवाही का समुचित अभिलेखीकरण एवं फोटोग्राफी सुनिश्चित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.