हल्का कर्मचारी के स्थानांतरण पर ग्रामीणों ने जताई आपत्ति, उपायुक्त से आदेश पर रोक लगाने की मांग।
SHIKHAR DARPANMonday, July 27, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
अंचल पीरटांड़ में कार्यरत राजस्व कर्मचारी अमर किशोर सिन्हा के स्थानांतरण के विरोध में कुम्हरलालो एवं पालगंज पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने की मांग की है।उपायुक्त को सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि मौजा कठवारा की विवादित भूमि से संबंधित मामला विभिन्न स्तरों पर विचाराधीन है। ऐसे समय में राजस्व कर्मचारी अमर किशोर सिन्हा का स्थानांतरण किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, मौजा कठवारा के खाता संख्या-8 की लगान रसीद जमींदारी काल से अब तक भजलू तिवारी के नाम से निर्गत होती रही है, जबकि सर्वे खतियान में उक्त भूमि टीका कोयरी के नाम दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि खतियान में टीका कोयरी का नाम केवल दो वर्षों के लिए बटाईदार के रूप में दर्ज है और उनके नाम से कभी जमाबंदी कायम नहीं हुई।
इसके बावजूद कुछ समय पूर्व अचानक उनके नाम से ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत होने लगी। ग्रामीणों ने दावा किया कि अंचल कार्यालय की पूर्व की कई जांच एवं रिपोर्टों में भी स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि टीका कोयरी के नाम से कोई जमाबंदी दर्ज नहीं है। संबंधित भूमि विवाद का मामला वर्तमान में सिविल कोर्ट में विचाराधीन बताया गया है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का कहना है कि अमर किशोर सिन्हा ने उपलब्ध अभिलेखों और पूर्व की जांच रिपोर्टों के आधार पर कार्य किया है, इसलिए उनका स्थानांतरण उचित नहीं है। उन्होंने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने तथा अमर किशोर सिन्हा को पूर्ववत पदस्थापित रखने की मांग की है। आवेदन पर कुम्हरलालो मुखिया अनिता बरनवाल, पालगंज मुखिया शशिबाला देवी, पंचायत समिति सदस्य संगीता देवी, योगेंद्र तिवारी समेत सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।