जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के दिए निर्देश।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 28, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान लगभग 45 से अधिक फरियादियों ने बिजली विपत्र, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक कलह, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित मामलों को उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया।
उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई करें। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका नियमानुसार मौके पर ही निस्तारण किया जाए तथा शेष मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण भी किया तथा संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।