Type Here to Get Search Results !

रांची RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला: फरार आरोपी सैफ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, जांच में नए खुलासे।

रांची,शिखर दर्पण संवाददाता।

निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के आरोपी सैफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि पेट्रोल बम फेंकते समय आरोपी ने घटना का वीडियो बनाया था और उसे पाकिस्तान भेजा था। हालांकि पुलिस इस संबंध में सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, हमले के बाद पुलिस ने सैफ समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन सैफ कोतवाली थाना की हाजत की खिड़की तोड़कर फरार हो गया था।

उसकी फरारी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया। पुलिस को सूचना मिली कि सैफ बस के जरिए भागने की कोशिश कर रहा है। इसी आधार पर मांडर टोल के पास उसे दोबारा पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद लौटते समय आरोपी ने पुलिसकर्मियों का हथियार छीनने और भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। गौरतलब है कि दो दिन पहले रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किया गया था। मामले में अमन अंसारी और सायन खान समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब हमले के पीछे की साजिश, संभावित नेटवर्क और अन्य कड़ियों की गहन जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.