बिजली कटौती से नाराज लोगों ने मकतपुर चौक किया जाम, विभाग के खिलाफ नारेबाजी।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और फोर फोट्टी की समस्या से परेशान मकतपुर के सतगलिया एवं आसपास की गलियों के लोगों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने मकतपुर चौक को जाम कर बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से इलाके में बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। बार-बार फोर फोट्टी होने के कारण कई घरों के टीवी, फ्रिज, पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। यहां तक कि अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि विभाग की उदासीनता से परेशान होकर उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा। लोगों ने जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त उपकरणों के लिए मुआवजे की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। वहीं जाम के कारण मकतपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन स्थिति सामान्य कराने में जुटे हुए हैं।