Type Here to Get Search Results !

विश्व पर्यावरण दिवस पर कल्याणडीह में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 स्थित कल्याणडीह में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा शामिल हुईं। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी, वार्ड पार्षद समेत कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व पर चर्चा की गई तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण भी किया। मुख्य अतिथि मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि शुद्ध एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए पेड़-पौधों का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिए, क्योंकि स्वच्छ और शुद्ध पर्यावरण ही मानव जीवन का आधार है और हमें स्वस्थ जीवन प्रदान करता है। वहीं वन विभाग के रेंजर एस.के. रवि ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा ही हमारी अपनी सुरक्षा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि हम आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हरित और स्वच्छ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.