Type Here to Get Search Results !

कर्णपुरा में बहुफसली जमीन पर स्टेडियम निर्माण के विरोध में फॉरवर्ड ब्लॉक का धरना, डीसी को भेजा ज्ञापन।

बेंगाबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।

ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक की बेंगाबाद प्रखंड इकाई ने सोमवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर कर्णपुरा में बहुफसली कृषि भूमि पर प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण का विरोध जताया। धरना के बाद उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई। धरना कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव, उपाध्यक्ष रामलाल मंडल और महासचिव शंभू ठाकुर ने किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि कर्णपुरा में किसानों की बहुफसली जमीन पर अदालत द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद स्टेडियम निर्माण के लिए जबरन घेराबंदी की जा रही है, जो किसानों के हितों के खिलाफ है। धरनार्थियों ने प्रखंड क्षेत्र में विकास योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार, सड़क निर्माण में अनियमितता, पेयजल योजनाओं के ठप रहने तथा कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज उठाई।

वक्ताओं ने कहा कि बिना पैसे के सरकारी कार्यालयों में आम लोगों का काम नहीं हो रहा है और जलापूर्ति योजनाओं के बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फॉरवर्ड ब्लॉक नेताओं ने कहा कि किसानों की उपजाऊ जमीन को नष्ट कर स्टेडियम बनाना उचित नहीं है, जबकि क्षेत्र में बंजर भूमि उपलब्ध है। उन्होंने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला संयोजक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने भी आंदोलन का समर्थन किया और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी। धरना कार्यक्रम में मनोज यादव, संजय चौधरी, बलदेव साह, भुदाली पंडित, प्रेम साह, सुखदेव गोस्वामी, रियाज अंसारी, भीम सिंह, सुरेंद्र यादव, दीपक यादव, गौरी देवी, कलावती देवी, साहिना खातून, सोनिया देवी, उमेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.