Type Here to Get Search Results !

किसानों की मेहनत को मिलेगा उचित मूल्य, आम्रपाली आम प्रदर्शनी एवं बिक्री स्टॉल का शुभारंभ।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिला प्रशासन गिरिडीह द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत आम उत्पादकों एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए समाहरणालय परिसर में आम्रपाली आम के विशेष स्टॉल का शुभारंभ किया गया। स्टॉल का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने स्टॉल का अवलोकन कर आम की गुणवत्ता एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े लाभुक किसानों एवं उत्पादकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए ताकि उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, श्रीमती अंजना भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, JSLPS सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में बड़े पैमाने पर फलदार पौधों का रोपण किया गया है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। आम्रपाली आम के उत्पादन से जुड़े किसान अपनी उपज को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उचित मूल्य प्राप्त होगा। स्टॉल के माध्यम से आम उत्पादकों, लाभुक किसानों, एफपीओ तथा स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार एवं विपणन का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही खरीदारों को भी स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एवं ताजे आम उपलब्ध हो सकेंगे। जिला प्रशासन का यह प्रयास स्थानीय किसानों, महिला समूहों एवं ग्रामीण उत्पादकों को सशक्त बनाने, उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे आय संवर्धन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.