विश्व पर्यावरण सप्ताह पर विद्यालय परिसर में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
SHIKHAR DARPANThursday, June 04, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
विश्व पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर गुरुवार को प्रोजेक्ट बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, पीरटांड़ में जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख सविता टुडू उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।इस अवसर पर रेंजर एस.के. रवि ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष मंदिलवार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। मौके पर प्रभारी वनपाल पंकज कुमार, जूलीयस जस्टीन मुर्मू, प्रधान वनरक्षी गौतम कुमार राय, संजय पंडित सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।