मॉर्निंग वॉक पर निकले छात्र की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 09, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा में बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान पीयूष कुमार सिंह (14 वर्ष), पिता लखराज सिंह, निवासी कठवारा के रूप में हुई है। वह मॉडल स्कूल पीरटांड़ का छात्र था। जानकारी के अनुसार पीयूष बुधवार सुबह अपने एक दोस्त के साथ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए डायवर्सिटी पार्क जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब चार बजे कठवारा के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। बाद में इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। परिजनों के अनुसार पीयूष परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी एक छोटी बहन है। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है तथा वे बार-बार अचेत हो जा रहे थे। वहीं, साथ में मौजूद उसका मित्र भी घटना से गहरे सदमे में है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।