Type Here to Get Search Results !

चौराही गांव में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; दो हिरासत में।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चौराही गांव में मंगलवार दोपहर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बजटो पंचायत के टाटोकियारी निवासी रामु दास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामु दास दो दिन पूर्व अपने पिकअप वैन से डीजे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी क्रम में वह अपने कुछ सहयोगियों के साथ चौराही गांव पहुंचे थे। बताया जाता है कि वहां सभी ने शराब का सेवन किया था। स्थानीय लोगों के अनुसार शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद भी हुआ था। मंगलवार दोपहर रामु दास का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य युवक फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.