Type Here to Get Search Results !

शिखर दर्पण में खबर का हुआ असर, प्रतिमा गैस एजेंसी को एमओ ने जारी किया स्पष्टीकरण नोटिस।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

बीते दिनों शिखर दर्पण अखबार में प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। खबर में प्रतिमा गैस एजेंसी, चिरकी पर घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि से अधिक पैसे वसूलने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में मधुबन निवासी सुजीत कुमार ने लिखित शिकायत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) पीरटांड़ को सौंपी थी। शिकायत और समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी परितोष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिमा गैस एजेंसी के संचालक को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत प्रकाशित हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।

साथ ही नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि कर्णपुरा निवासी लाभुक उर्मिला देवी को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन स्वीकृत होने के बावजूद गैस सामग्री उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है, जबकि उनके खाते में गैस सब्सिडी भी आ रही है। इसे गैस कनेक्शन वितरण में अनियमितता का मामला माना गया है।एमओ ने एजेंसी संचालक को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं में उम्मीद जगी है कि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और शिकायतों का समाधान होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.