Type Here to Get Search Results !

बजरंग चौक में शुद्ध एवं शीतल पेयजल मशीन का उद्घाटन, राहगीरों को मिलेगी बड़ी राहत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

बरनवाल सेवा समिति, गिरिडीह के तत्वावधान में बुधवार को बजरंग चौक में शुद्ध एवं शीतल पेयजल मशीन का उद्घाटन किया गया। समाजसेवी एवं उद्योगपति जयप्रकाश लाल ने फीता काटकर प्याऊ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश बरनवाल वैश्य महासभा के प्रदेश अध्यक्ष लखन लाल बरनवाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समिति के सचिव राजेंद्र लाल बरनवाल ने बताया कि लखन लाल बरनवाल ने अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में इस पेयजल मशीन की स्थापना कराई है। इस पहल से भीषण गर्मी के साथ-साथ पूरे वर्ष राहगीरों, स्थानीय व्यवसायियों एवं आम लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जयप्रकाश लाल ने कहा कि बजरंग चौक पर शीतल पेयजल की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे लखन लाल बरनवाल ने पूरा कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बरनवाल सेवा समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष सुबोध कुमार बरनवाल, कोषाध्यक्ष संजय बरनवाल, रितेश बरनवाल, मोहन सागर, प्रवीण कुमार, अजय लाल, सुभाष बरनवाल, बिनोद बरनवाल, राकेश रंजन, विनय कुमार, सरिता बरनवाल, रीता बरनवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.