Type Here to Get Search Results !

मधुबन थाना क्षेत्र के तिरिलटांड गांव में घर मे घुसकर दंपती की निर्मम हत्या//गांव तक सड़क नहीं होने से खाट पर ले जानी पड़ी घायल महिला को।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मधुबन थाना क्षेत्र के छछंदों पंचायत अंतर्गत तिरिलटांड (दलान चलकरी टोला) गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया गया। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय पतिया हांसदा और उनकी 35 वर्षीय पत्नी परनी मरांडी (परणी देवी) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों देर रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान करीब 12:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के रिश्तेदार अनिल हेंब्रम ने बताया कि घर से चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां पति-पत्नी खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। पतिया हांसदा की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल थीं। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति भी सामने आई।

गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को करीब 500 मीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया,जबकि महिला के शव का धनबाद में पोस्टमार्टम किया गया। मृतक पतिया हांसदा मधुबन क्षेत्र में डोलिया मजदूर के रूप में कार्य करता था। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने कहा कि तिरिलटांड गांव में दंपती की हत्या का मामला सामने आया है।पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, गांव तक सड़क नहीं होने के कारण घायल महिला को खाट पर ढोकर ले जाने की घटना ने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो तिरिलटांड गांव पहुंचे और मृतक परिवार के परिजनों व ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही। विधायक ने मौके पर ही अंचल अधिकारी (सीओ) से फोन पर बात कर मृतक परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि गांव तक सड़क नहीं होने के कारण घायल महिला को खाट पर ले जाना पड़ा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश देने की बात कही, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.